चाहे आप कोई वर्कशॉप होस्ट कर रहे हों, कोई चैरिटी कॉन्सर्ट प्लान कर रहे हों, या किसी पॉडकास्ट की लाइव रिकॉर्डिंग कर रहे हों, ऑनलाइन टिकट बेचना अपनी ऑडियंस तक पहुँचने और अपने इवेंट को सुचारू रूप से चलाने के सबसे आसान तरीकों में से एक है। एक अच्छा ऑनलाइन टिकटिंग सेटअप आपके ग्राहकों को इवेंट के बारे में पहली बार सुनने से लेकर इवेंट की जगह में कदम रखने तक के अनुभव को आसान और सहज बना देता है।
सही सेल्स प्लेटफ़ॉर्म चुनना, एक आकर्षक इवेंट पेज बनाना, और एक सोच-समझकर बनाई गई प्राइसिंग और प्रमोशनल योजना तैयार करना, एक सफल इवेंट को अंजाम देने में ये सभी चीज़ें एक एहम भूमिका निभाती हैं। आसान चेक-इन और टिकट ट्रांसफर की सुविधा से इवेंट से जुड़े काम भी व्यवस्थित और सरल बने रहते हैं।
आगे जानें कि ऑनलाइन इवेंट्स की टिकट कैसे बेचें, अपनी कम्युनिटी से कैसे जुड़ें, सेल्स कैसे बढ़ाएं और ऐसा इवेंट कैसे आयोजित करें, जिसे मेहमान सही वजहों से लंबे समय तक याद रखें।
ऑनलाइन टिकट कैसे बेचें
- एक सेल्स चैनल चुनें
- इवेंट पेज और चेकआउट बनाएँ
- टिकट की कीमतें तय करें
- खरीदारों के लिए सुविधाजनक टिकट वेंडर चुनें
- अपने इवेंट का प्रचार करें
- नतीजों को मापने के लिए एनालिटिक्स का इस्तेमाल करें
सेल्स चैनल चुनने और एक डिटेल्ड इवेंट पेज बनाने से लेकर कीमतें व प्रमोशनल नियम तय करने और बैक-एंड लॉजिस्टिक्स को मैनेज करने तक, ऑनलाइन टिकट सफलतापूर्वक बेचने का तरीका यहाँ बताया गया है।
1. एक सेल्स चैनल चुनें
टिकट सेल्स सोशल मीडिया, आपकी अपनी वेबसाइट, या Eventbrite (इवेंटब्राइट) या Ticketmaster (टिकटमास्टर) जैसे टिकटिंग प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए की जा सकती हैं। टिकटिंग प्लेटफ़ॉर्म ऑनलाइन टिकट बेचने से जुड़े लॉजिस्टिक्स संभालते हैं, लेकिन उनकी फ़ीस और यूज़र एक्सपीरियंस कई बार परेशानी पैदा कर सकते हैं। कुछ मामलों में ग्राहक को टिकट की मूल कीमत से ज़्यादा शुल्क देना पड़ जाता है।
Eventbrite (इवेंटब्राइट) की अमेरिकी प्राइसिंग के तहत हर टिकट पर 3.7% प्लस लगभग ₹170 की सर्विस फीस और हर ऑर्डर पर 2.9% की पेमेंट प्रोसेसिंग फीस ली जाती है। बिज़नेस इस लागत को खुद वहन कर सकता है या इसे अपने ग्राहकों से वसूल सकता है। लेकिन ऐसी अतिरिक्त लागत पर ध्यान देना ज़रूरी होता है क्योंकि 39% तक कार्ट अतिरिक्त खर्चों के कारण छोड़ दिए जाते हैं।
अपनी वेबसाइट के ज़रिए टिकट बेचने पर इस चुनौती से बचा जा सकता है। इसके साथ डायरेक्ट-टू-कंज़्यूमर सेल्स के ये फायदे भी मिलते हैं:
- खरीदार के अनुभव पर नियंत्रण
- रीटार्गेटिंग के लिए ग्राहक डेटा तक पहुँच
- बेहतर प्रॉफिट मार्जिन
- कम न्यूनतम पेआउट सीमाएँ
Shopify (शॉपिफाई) चेकआउट, अटेंडी लिस्ट, QR कोड, और टिकटिंग ऐप्स को एक ईकॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म में जोड़ देता है। इसके अलावा, अगर आप अपने इवेंट में कोई फ़िज़िकल या डिजिटल प्रोडक्ट बेच रहे हैं, तो Shopify POS (शॉपिफाई पीओएस) आपको Tap to Pay (टैप टू पे) के ज़रिए अपने फ़ोन से पेमेंट लेने की सुविधा देता है।
| अपनी वेबसाइट | टिकटिंग प्लेटफ़ॉर्म | |
|---|---|---|
| किनके लिए उपयुक्त | ऐसे ब्रांड, जो नियमित रूप से इवेंट आयोजित करते हैं, प्रोडक्ट बेचते हैं, या ग्राहक के पूरे इवेंट एक्सपीरियंस पर नियंत्रण रखना चाहते हैं | एक बार होने वाले इवेंट या ऐसे ब्रांड, जो टिकट मैनेजमेंट पूरी तरह आउटसोर्स करना चाहते हैं |
| बिक्री शुल्क | Shopify (शॉपिफाई) प्लान, टिकटिंग ऐप और चुने गए भारतीय पेमेंट गेटवे के अनुसार पेमेंट प्रोसेसिंग व लेन-देन शुल्क | चुने गए प्लेटफ़ॉर्म, इवेंट और लोकेशन के आधार पर सर्विस और पेमेंट प्रोसेसिंग फ़ीस |
| ब्रांड एक्सपीरियंस | कस्टम डोमेन पर पूरी तरह ब्रांडेड ऑनलाइन स्टोर और चेकआउट | प्लेटफ़ॉर्म की ब्रांडिंग, डोमेन और चेकआउट प्रोसेस का इस्तेमाल |
| खोजे जाने की सुविधा | इवेंट डिस्कवरी की कोई बिल्ट-इन सुविधा नहीं | प्लेटफ़ॉर्म के खोजे जा सकने वाले डेटाबेस में इवेंट दिखाई देता है |
| टिकट मैनेजमेंट | अलग टिकटिंग ऐप की ज़रूरत होती है | QR कोड, स्कैनिंग ऐप, वेटलिस्ट और चेक-इन टूल्स आमतौर पर शामिल होते हैं |
2. इवेंट पेज और चेकआउट बनाएँ
Syndigo (सिंडिगो) के 2025 के अध्ययन के अनुसार 44% ग्राहकों ने प्रोडक्ट के बारे में पर्याप्त जानकारी न मिलने के कारण खरीदारी बीच में ही छोड़ दी। वहीं, एक-तिहाई से ज़्यादा ग्राहक उस समय निराश हुए, जब खरीदी गई प्रोडक्ट उसकी डिस्क्रिप्शन में बताई गई अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी। ऑनलाइन इवेंट टिकट बेचते समय इस आम समस्या से बचने के लिए अपने टिकट सेल्स पेज पर यह जानकारी ज़रूर शामिल करें:
- इवेंट की बुनियादी जानकारी: इवेंट की तारीख, शुरू होने का समय, वेंडर या परफ़ॉर्मर्स की लाइनअप, वेन्यू का पता, और उम्र से जुड़ी पाबंदियां।
- एक्सेसिबिलिटी से जुड़ी जानकारी: दिव्यांग मेहमानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पार्किंग जानकारी, और सार्वजनिक परिवहन विकल्पों का उल्लेख करें। अगर इवेंट खुले में आयोजित होगा, तो खराब मौसम की स्थिति में अपनाई जानी वाली योजना भी ज़ाहिर करें।
- अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों के उत्तर: इवेंट में कौन-सी चीज़ें लाने की अनुमति है या नहीं है, आचार संहिता क्या है, और रिफ़ंड या टिकट ट्रांसफर नीति क्या है, इसकी जानकारी दें।
- सोशल प्रूफ: 57% खरीदारों के लिए रिव्यू, रेटिंग्स और यूज़र-जेनरेटेड कंटेंट प्रोडक्ट पेज के सबसे एहम एलिमेंट्स होते हैं। ये आपके इवेंट की विश्वसनीयता दिखाते हैं और सफल सेल्स और इवेंट के ट्रैक रिकॉर्ड को उजागर करते हैं।
- टिकट टियर और चेकआउट लिंक: हर टिकट केटेगरी में मिलने वाली सुविधाएँ स्पष्ट रूप से बताएं। साथ ही, लोगों को टिकट खरीदने के लिए प्रोत्साहित करने वाले एक से ज़्यादा कॉल टू एक्शन (CTAs) शामिल करें।
- पारदर्शी प्राइसिंग: भारत में CCPA की Dark Patterns Guidelines, 2023 के तहत ड्रिप प्राइसिंग, यानी खरीदारी के आखिरी चरण में अनिवार्य शुल्क दिखाने जैसी प्रथाओं पर रोक है। Consumer Protection (E-Commerce) Rules, 2020 के अनुसार सभी अनिवार्य और वैकल्पिक शुल्कों के ब्रेकडाउन के साथ कुल कीमत एक ही फिगर में दिखाई जानी चाहिए। इसलिए सर्विस फ़ीस, टैक्स और अन्य अतिरिक्त शुल्क पहले ही साफ तौर पर बता दें।
Usal Project (उसल प्रोजेक्ट) का पेज इसका एक अच्छा उदाहरण है। इसकी ग्लोवॉर्म नाइट हाइक के पेज पर इवेंट की बुनियादी जानकारी के साथ-साथ कठिनाई रेटिंग, इवेंट लीडर का परिचय, और साथ लाए जाने वाले उपकरणों की सूची भी दी गई है।
3. टिकट की कीमतें तय करें
हर टिकट की कीमत आपके इवेंट के प्रकार, टारगेट ऑडियंस, और इवेंट के लक्ष्य पर निर्भर करती है। उदाहरण के लिए, अगर आपका लक्ष्य ग्राहकों को अपने रिटेल स्टोर तक लाना है, तो आप लोगों को आकर्षित करने के लिए कम दाम वाली टिकट दे सकते हैं।
अगर आप किसी बड़े इवेंट का आयोजन कर रहे हैं, तो वेन्यू फीस, खाना, और मुफ्त दिए जाने वाले मर्चेंडाइज़ जैसे सभी खर्चों को कीमत तय करते समय ध्यान में रखें। ऑपरेटिंग लागत और बिकने वाली टिकटों की अनुमानित संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रॉफिट मार्जिन कैलकुलेटर से टिकट की सही कीमत तय की जा सकती है।
याद रखें कि ज़रूरी नहीं कि टिकट सेल्स आपकी कमाई का एकमात्र ज़रिया हों। उदाहरण के लिए, Usal Project (उसल प्रोजेक्ट) अपनी टिकट सेल्स को इवेंट स्पॉन्सर्स से मिलने वाली कमाई के साथ जोड़ देता है। इसका लक्ष्य बाहरी गतिविधियों को ज़्यादा लोगों के लिए किफायती बनाना होता है। इसलिए यह कम कीमत वाली टिकट देता है और Nike (नाइके) तथा North Face (नॉर्थ फ़ेस) जैसे ब्रांड के साथ साझेदारी करके कमाई के अलग-अलग स्रोत बनाता है। ऐसी ब्रांड पार्टनरशिप्स से इवेंट की विश्वसनीयता भी बढ़ जाती है।
कुछ मामलों में सीज़न टिकट बेचना भी फ़ायदेमंद हो सकता है। खासकर तब, जब आप किसी स्पोर्ट्स टीम के लिए काम करते हों या कॉन्सर्ट की सीरीज़ का प्रचार कर रहे हों। सीज़न पास पर छूट देने के बावजूद आपको कई टिकट की रकम पहले ही मिल जाती है। इससे कैश फ़्लो बेहतर हो जाता है और आने वाले इवेंट्स की प्लानिंग समय से पहले शुरू की जा सकती है।
4. खरीदारों के लिए सुविधाजनक टिकट वेंडर चुनें
अगर आप स्वतंत्र रूप से अपनी टिकट बेचते हैं, तो यह तय करना ज़रूरी है कि ऑनलाइन खरीदारी करने वाले ग्राहकों तक टिकटें कैसे पहुंचाई जाएँगी।
एक विकल्प चेकआउट पेज को इवेंट अटेंडी की सूची से जोड़ना है, ताकि प्रवेश द्वार पर उनके नाम सत्यापित किए जा सकें। हाँ, यह तरीका बहुत हद तक मैनुअल काम पर निर्भर करता है, जिसमें गलती होने का जोखिम भी रहता ही है। खासकर तब, जब आखिरी पल में टिकट खरीदने वाले ग्राहक का नाम सूची में शामिल न हो पाए।
Event Ticketing (इवेंट टिकटिंग) जैसी इवेंट कैलेंडर ऐप्स की मदद से आप अपने ऑनलाइन स्टोर्स के ज़रिए टिकट बना, बेच और स्कैन कर सकते हैं। टिकट ग्राहक के ऑर्डर कन्फ़र्मेशन पेज पर दिखाई दे सकती है, जहाँ से वह उसे Apple Wallet (एपल वॉलेट) में जोड़ सकता है या PDF के रूप में सेव करके प्रवेश करते समय स्कैन करवा सकता है। इवेंट स्टाफ़ फिर Shopify POS (शॉपिफाई पीओएस) पर ऐप की मदद से बारकोड स्कैन करके टिकट सत्यापित कर सकता है और प्रवेश की अनुमति दे सकता है।
5. अपने इवेंट का प्रचार करें
टिकट लैंडिंग पेज लाइव हो जाने के बाद अपने आने वाले इवेंट में लोगों की दिलचस्पी बढ़ाएं और उसके बारे में ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक जानकारी पहुंचाएं। इसके लिए इन मार्केटिंग चैनलों का इस्तेमाल किया जा सकता है:
- सोशल मीडिया, जिसमें क्रिएटर और इन्फ़्लुएंसर के साथ पार्टनरशिपस भी शामिल हैं
- आपकी ईमेल सूची, खासकर पहले किसी इवेंट में शामिल हो चुके ग्राहकों का सेगमेंट
- इवेंट वेन्यू के आसपास के तय दायरे में रहने वाले लोगों को दिखाए जाने वाले विज्ञापन
प्रचार का उद्देश्य लोगों को आपके इवेंट को लिए उत्साहित करना होना चाहिए, फिर भले ही टिकट की बिक्री अभी शुरू न हुई हो। Holland Ridge Farms (हॉलैंड रिज फार्म्स) यही तरीका अपनाता है। इसका पिक-यॉर-ओन सनफ़्लावर फ़ार्म सिर्फ़ गर्मियों के अंत में खुलता है, लेकिन वह कई महीने पहले से ही Instagram (इंस्टाग्राम) पर पर्दे के पीछे की झलकियाँ दिखाना शुरू कर देता है। इससे लोगों की दिलचस्पी बढ़ती है, टिकटों की सेल्स को बढ़ावा मिलता है और इवेंट के बारे में ज़्यादा लोगों तक जानकारी पहुँचती है।
6. नतीजों को मापने के लिए एनालिटिक्स का इस्तेमाल करें
अगर आप सीधे किसी इवेंट वेन्यू के साथ काम कर रहे हैं, तो आपको वहां पहले काम कर चुके प्रमोटरों की टिकट बिक्री से जानकारी मिल सकती है। अपनी खुद की वेबसाइट के ज़रिए टिकट बेचने पर खरीदारों के व्यवहार को ज़्यादा गहराई से समझने का मौका भी मिलता है। Shopify Analytics (शॉपिफाई एनालिटिक्स) का एकीकृत डेटा आपको यह समझने में मदद करता है:
- कौन-सा चैनल टिकट खरीदारों को आपकी वेबसाइट पर भेजता है
- किन ईमेल लिंक्स पर सबसे ज़्यादा क्लिक मिलते हैं
- कौन-से टिकट टियर सबसे पहले या सबसे तेज़ी से बिकते हैं
- टिकटों की खरीदारी किस समय अचानक बढ़ जाती है
- इवेंट में टिकट खरीदने वाले ग्राहक बाद में ऑनलाइन खरीदारी करते हैं या नहीं
- आपके इवेंट में कितने रिपीट ग्राहक आते हैं
इस जानकारी के आधार पर भविष्य की टिकट बिक्री रणनीतियां तैयार करें। उदाहरण के लिए, आपको पता चल सकता है कि ज़्यादातर कॉन्सर्ट टिकट इवेंट से लगभग एक महीने पहले बिकते हैं, या VIP टिकट देने से ज़्यादा खर्च करने वाले ग्राहकों को खरीदारी के लिए आकर्षित किया जा सकता है।
ऑनलाइन टिकट सेल्स बढ़ाने की टिप्स
टिकटिंग वेबसाइट तैयार हो जाने के बाद जानें कि ऑनलाइन सेल्स कैसे बढ़ाएँ और ग्राहकों तक टिकट पहुँचाने के लॉजिस्टिक्स को कैसे मैनेज करें।
अपने इवेंट का प्रचार सोशल मीडिया पर करें
2025 में Shopify (शॉपिफाई) के सर्वे के अनुसार 35% स्टोर ओनर सोशल मीडिया मौजूदगी बनाने को पहले साल में ग्रोथ हासिल करने की दूसरी सबसे आम रणनीति मानते हैं। सोशल मीडिया सिर्फ़ ऑडियंस से जुड़ने का ज़रिया नहीं है। पर्दे के पीछे की झलकियाँ या स्थानीय समुदाय से जुड़ी पोस्ट जैसा आकर्षक और उपयोगी सोशल मीडिया कंटेंट टिकट सेल्स में भी बढ़ोतरी ला सकता है। Eventbrite (इवेंटब्राइट) की 2026 की रिपोर्ट के अनुसार 50% प्रतिभागी किसी सामाजिक उद्देश्य से जुड़े इवेंट में शामिल होने की ज़्यादा संभावना रखते हैं, क्योंकि इससे उन्हें सिर्फ़ मनोरंजन से आगे बढ़कर किसी बड़े मकसद में योगदान देने का मौका जो मिलता है।
एक नॉन-एल्कोहलिक एपेरिटिफ़ कंपनी De Soi (डे सोई) हर इवेंट को भविष्य के किसी इवेंट के लिए मार्केटिंग जुटाने के मौके की तरह देखती है।
CEO Scout Brisson (स्काउट ब्रिसन) ने Shopify Masters (शॉपिफाई मास्टर्स) के एक इंटरव्यू में कहा, “हर इवेंट में कोई न कोई ड्रिंक लोगों तक पहुँचती हैं या कैन उनके हाथों में दिखाई देते हैं। लेकिन जब हम अपेक्षाकृत युवा मिलेनियल ऑडियंस के बारे में सोचते हैं, तो हमारा ध्यान ऐसा UGC बनाने पर होता है, जिसे ज़्यादा से ज़्यादा लोग शेयर करना चाहें।”
अपने Shopify (शॉपिफाई) स्टोर के ज़रिए टिकट बेचने के लिए इमेज और इवेंट डिस्क्रिप्शन डाल दें। फिर सोशल मीडिया फ़ॉलोअर्स को अपने चेकआउट पेज पर भेजें, जहाँ वे पेमेंट करके अपनी टिकट प्राप्त कर सकें।
Shopify (शॉपिफाई) स्टार्टर प्लान के बारे में और जानने के लिए आप इस शॉर्ट वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।
प्रोमो कोड और अर्ली बर्ड डिस्काउंट दें
सीमित समय के प्रोमो कोड या एक अर्ली-बर्ड सेल देकर ग्राहकों को एडवांस में टिकट खरीदने के लिए प्रोत्साहित करें। इन दोनों तरीकों से लोगों में जल्दी खरीदारी की भावना पैदा होती है और उन्हें ऑफर सीमित होने का एहसास होता है। एक शोध अध्ययन में पाया गया कि पर्सनलाइज़ेशन की तुलना में ये दोनों ही बातें खरीदारी की इच्छा पर ज़्यादा असर डाल सकती हैं।
अगर आपको यकीन नहीं है कि किसी इवेंट या प्रोडक्ट लॉन्च की टिकट बेचना आपके ब्रांड के लिए सही रहेगा या नहीं, तो Hearth Display (हर्थ डिस्प्ले) का तरीका अपनाकर देखें। इस कंपनी ने प्रोडक्ट को बाज़ार में लाने से पहले ही प्री-ऑर्डर के ज़रिए अपने आइडिया की मांग की जांच कर ली थी।
Hearth Display (हार्थ डिस्प्ले) की को-फाउंडर और CGO Susie Harrison (सुसी हैरिसन) ने Shopify Masters (शॉपिफाई मास्टर्स) के एक इंटरव्यू में कहा, “हमने लोगों से Shopify (शॉपिफाई) पर $50 डिपॉज़िट जमा करने को कहा, ताकि वे प्रोडक्ट के प्रति अपना समर्थन दिखा सकें और यह साबित हो सके कि वे इस समाधान के लिए सच में भुगतान करने को तैयार हैं। यह डिपॉज़िट पूरी तरह रिफ़ंडेबल था। हमने ग्राहकों से मिली रकम को सुरक्षित रखा, ताकि ज़रूरत पड़ने पर हर ग्राहक को उसका पूरा पैसा वापस किया जा सके।”
अलग-अलग कीमतों पर टिकटें उपलब्ध कराएं
जनरल एडमिशन, तय की गई सीटें और VIP टिकटों जैसी अलग-अलग टिकट केटेगरी से आप अलग-अलग तरह के खरीदारों की ज़रूरतें पूरी कर सकते हैं। साथ ही, प्रीमियम एक्सपीरियंस चाहने वाले ग्राहकों को महंगी टिकट केटेगरी चुनने के लिए आप प्रोत्साहित भी कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए, अगर आप अपने स्टोर में कोई वर्कशॉप आयोजित कर रहे हैं, तो बुनियादी ब्रॉन्ज़ टियर में सिर्फ़ एंट्री शामिल हो सकती है। अपग्रेडेड सिल्वर टियर में फ्री ड्रिंक दी जा सकती है, जबकि गोल्ड टियर में फ्री प्रोडक्ट बंडल और ब्रांड का मर्चेंडाइज़ शामिल किया जा सकता है।
अपने टिकटिंग पेज पर हर टियर के बीच का अंतर और उसे खरीदने पर ग्राहकों को मिलने वाले फ़ायदे स्पष्ट रूप से बताएं, जैसे:
- अर्ली एक्सेस
- बेहतर सीटें
- फ्री प्रोडक्ट
- एक खास मीट-एंड-ग्रीट
- नए लॉन्च का अर्ली एक्सेस
उदाहरण के लिए, Holland Ridge Farms (हॉलैंड रिज फार्म्स) अपने फूलों के फ़ार्म में आने के दिन के आधार पर अलग-अलग टिकट केटेगरी उपलब्ध कराता है। हफ़्ते के दौरान टिकटें वीकेंड की तुलना में सस्ती होती हैं। इसके अलावा, 12 या उससे ज़्यादा लोगों के ग्रुपस को डिस्काउंट भी दिया जाता है।
प्रवेश द्वार पर टिकटें बेचें
प्रवेश द्वार पर टिकटें बेचने से लोग आखिरी समय पर भी इवेंट में शामिल हो सकते हैं। इससे आप वहां मौजूद लोगों की दिलचस्पी और उस फ़ुट ट्रैफ़िक का फ़ायदा उठा सकते हैं, जिन्हें टिकटिंग की सुविधा न होने पर खाली हाथ लौटाना पड़ता।
Shopify POS (शॉपिफाई पीओएस) पर ऐसी सेल्स रिकॉर्ड की जा सकती हैं। भारत में पेमेंट लेने के लिए कम्पेटिबल थर्ड-पार्टी पेमेंट प्रोवाइडर या एक्सटर्नल कार्ड टर्मिनल का इस्तेमाल करें। इससे इवेंट के प्रवेश द्वार पर कार्ड या कॉन्टैक्टलेस पेमेंट स्वीकार की जा सकती है।
Visa (वीज़ा) की 2025 की रिपोर्ट में पाया गया कि दुनियाभर में Tap to Phone (टैप टू फ़ोन) के इस्तेमाल में पिछले साल के मुकाबले 200% की बढ़ोतरी आई है। इसे अपनाने वाले सेलर्स में लगभग 30% विक्रेता नए छोटे बिज़नेस थे।
एक सफल बिज़नेस शुरू करने के बारे में और जानने के लिए आप इस वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।
खास इवेंट पेशकश से लोगों को आकर्षित करें
अपने इवेंट में लोगों की दिलचस्पी और माँग बढ़ाने के लिए एक्सक्लूसिव परफ़ॉर्मेंस, मीट-एंड-ग्रीट, या फ्री मर्चेंडाइज़ जैसी खास सुविधाओं पर जोर दें। इनसे ग्राहकों को टिकट की कीमत के बदले ज़्यादा वैल्यू मिलती है। अपनी टिकटिंग वेबसाइट और सोशल मीडिया या दूसरी मार्केटिंग पोस्ट में इन सुविधाओं का खुलकर प्रचार करें।
मोबाइल टिकट सेल्स के लिए वेबसाइट ऑप्टिमाइज़ करें
लगभग 71% ऑनलाइन ऑर्डर मोबाइल डिवाइस पर दिए जाते हैं। इसलिए मोबाइल-फर्स्ट ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी टिकटिंग वेबसाइट को मोबाइल-फ्रेंडली बनाना ज़रूरी होता है। बेहतर नतीजों के लिए ये तरीके अपनाएं:
- वेबसाइट की स्पीड बढ़ाएं: औसतन हर मिलीसेकंड की देरी कन्वर्शन रेट को 3.5% तक प्रभावित करती है। कोड को मिनीफाई करें, इमेज ऑप्टीमाइज़ करें और ब्राउज़र कैशिंग का इस्तेमाल करें, ताकि आपकी वेबसाइट मक्खन की तरह चले।
- रिस्पॉन्सिव डिज़ाइन का इस्तेमाल करें: अलग-अलग डिवाइस पर वेबसाइट को टेस्ट करें, ताकि हर ग्राहक को समान रूप से अच्छा एक्सपीरियंस मिले। Shopify (शॉपिफाई) के SEO स्ट्रेटेजिस्ट Greg Bernhardt (ग्रेग बर्नहार्ड) कहते हैं, “सिर्फ़ iPhone 17 पर टेस्ट न करें। हो सकता है कि आपके ग्राहक Pixel (पिक्सेल) इस्तेमाल कर रहे हों, जिस पर वेबसाइट बिल्कुल अलग दिखाई दे सकती है।”
- चेकआउट पर डिजिटल पेमेंट उपलब्ध कराएं: भारत में लोकप्रिय UPI, कार्ड और डिजिटल वॉलेट पेमेंट उपलब्ध कराने वाला पेमेंट गेटवे चुनें। Stripe (स्ट्राइप) के अध्ययन में 61% खरीदारों ने कहा कि वे Apple Pay (एपल पे) या Google Pay (गूगल पे) जैसे डिजिटल वॉलेट्स का इस्तेमाल करते हैं। इस पेमेंट मेथड से मोबाइल चेकआउट में लगने वाला औसत समय आधा हो जाता है और ग्राहकों को ज्यादा आसान पेमेंट एक्सपीरियंस मिलता है।
मेंसवेयर ब्रांड Serge Blanco (सर्ज ब्लांको) ने मोबाइल चेकआउट को बेहतर बनाने के लिए Shopify (शॉपिफाई) अपनाया और इस बदलाव के तुरंत बाद उसे अच्छे नतीजे देखने को मिले। उसके ईकॉमर्स डायरेक्टर Julien Fournier (जुलिएन फ़ोर्नियर) कहते हैं, “सबसे जल्दी दिखने वाला बदलाव यह था कि चेकआउट बेहद आसान हो गया। इससे कन्वर्शन रेट में अच्छा-खास उछाल आ गया, खासकर मोबाइल पर।”
टिकट रीसेल और ट्रांसफ़र की स्पष्ट नीति बनाएं
अमेरिका का Better Online Ticket Sales Act (बेटर ऑनलाइन टिकट सेल्स एक्ट) सेलर्स की टिकट खरीदारी लिमिट से बचने के लिए बॉट्स के इस्तेमाल पर रोक लगाता है। इस प्रक्रिया को टिकट स्कैल्पिंग भी कहा जाता है, जिसमें रिसेलर्स टिकटों को उनकी मूल कीमत पर खरीदकर किसी थर्ड-पार्टी वेबसाइट पर ज्यादा दाम में बेचते हैं।
हाँ, किसी ग्राहक के पास इवेंट में शामिल न हो पाने की सही वजह हो सकती है। ऐसी स्थिति में आप रिफंड देकर टिकट कैंसल कर सकते हैं या उसे किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफ़र करने की अनुमति दे सकते हैं। रीसेल की सुविधा देने पर टिकट स्कैल्पिंग रोकने के लिए स्पष्ट नियम बनाएं। उदाहरण के लिए:
- रीसेल दाम की अधिकतम सीमा तय करें या सिर्फ़ टिकट की मूल कीमत पर रीसेल की अनुमति दें।
- ऐसा वेरिफ़ाइड ट्रांसफ़र प्लेटफ़ॉर्म इस्तेमाल करें, जो पेमेंट संभाले और नए खरीदार को टिकट ट्रांसफ़र करे।
छोटे वेन्यू में कॉन्सर्ट आयोजित करने वाली कंपनी Undertow (अंडरटो) ग्राहकों को अपनी टिकटें किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफ़र करने की अनुमति देती है। टिकट पर नाम बदलने के लिए उसका टिकट ट्रांसफ़र फॉर्म भरना जरूरी है।
ध्यान रखें कि अमेरिका के कुछ राज्यों में टिकट रीसेल को सीमित करने वाले नियम हैं। न्यू जर्सी में रजिस्टर्ड टिकट ब्रोकर, टिकट खरीदने में चुकाई गई कीमत से 50% से ज्यादा अतिरिक्त राशि नहीं ले सकते। रीसेल की अनुमति देने से पहले किसी लीगल प्रोफेशनल से सलाह लें, ताकि यह पता चल सके कि आपके बिजनेस पर कौन-से नियम लागू होते हैं।
टार्गेटेड ईमेल मार्केटिंग से कम्युनिटी को जोड़ें
आपके सबसे संभावित ग्राहक वे लोग होते हैं, जो पहले से आपके ब्रांड से जुड़े हुए हैं। इनमें साप्ताहिक न्यूज़लैटर आते ही खोलने वाले सब्सक्राइबर्स और पिछले इवेंट्स में शामिल हो चुके लोग शामिल हो सकते हैं। मौजूदा फ़ॉलोअर्स को सक्रिय करने के लिए अकाउंट होल्डर्स और पुराने अटेंडी को पर्सनलाइज़्ड ईमेल भेजें। इनमें आने वाले इवेंट में शामिल होने के फायदे बताएं और टिकटें खरीदने का डायरेक्ट लिंक दें।
आप ये ईमेल भी भेज सकते हैं:
- नया इवेंट लॉन्च होने पर अनाउंसमेंट ईमेल
- डिस्काउंट वाली टिकटों के लिए अर्ली-बर्ड रिमाइंडर्स
- इवेंट की तारीख नजदीक आने पर लास्ट-कॉल मैसेज
- टिकट खरीदने और इवेंट में शामिल होने के बीच लोगों का उत्साह बनाए रखने के लिए रिमाइंडर
मजबूत ईमेल मार्केटिंग स्ट्रेटेजी से इवेंट खत्म होने के बाद भी अटेंडी के साथ संपर्क बनाए रखा जा सकता है। इसके जरिए आप उन्हें अगले इवेंट की अर्ली-बर्ड टिकटें बेच सकते हैं या उन प्रोडक्ट्स को ऑनलाइन खरीदने का लिंक दे सकते हैं, जिन्हें उन्होंने इवेंट में प्रत्यक्ष रूप से देखा था।
Macguire Shoes (मैकग्वायर शूज़) की फाउंडर Myriam Belzile-Maguire (मिरियम बेल्ज़ाइल-मैग्वायर) ने Shopify Masters (शॉपिफाई मास्टर्स) के एक इंटरव्यू में कहा, “पॉप-अप्स और इन-पर्सन इवेंट्स आयोजित करते समय हमें एहसास हुआ कि वहां लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलने के कारण अगले कई महीनों तक सेल्स होती रहती थीं। हमारे बिज़नेस के लिए फिज़िकल रिटेल मौजूदगी होना सही साबित हुआ, खासकर इसलिए क्योंकि लोग पहली बार शूज़ खरीदने से पहले उन्हें कम से कम एक बार पहनकर देखना चाहते हैं। जब उन्हें ब्रांड और उसकी क्वालिटी पसंद आ जाती है, तो वे ऑनलाइन खरीदारी करने में ज्यादा सहज महसूस करते हैं।”
टिकट कैसे बेचें: अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
किसी इवेंट की टिकटें ऑनलाइन कैसे बेचीं जा सकती हैं?
आप अपनी वेबसाइट या Eventbrite (इवेंटब्राइट) और Ticket Tailor (टिकट टेलर) जैसे टिकटिंग प्लेटफ़ॉर्मों के जरिए टिकटें बेच सकते हैं। थर्ड-पार्टी प्लेटफ़ॉर्म चुनने से पहले उसका फ़ी स्ट्रक्चर, पेमेंट विकल्प, और सेवा शर्तें ज़रूर देख लें।
क्या Shopify (शॉपिफाई) पर टिकटें बेची जा सकती हैं?
जी हां, Shopify (शॉपिफाई) पर टिकटें बेची जा सकती हैं। पहले अपना स्टोरफ्रंट तैयार करें और भारत में उपलब्ध समर्थित पेमेंट गेटवे के ज़रिए पेमेंट स्वीकार करें। इसके बाद इवेंट टिकटिंग ऐप की मदद से खरीदारों को डिजिटल टिकटें जारी करें।
टिकटें बेचने का सबसे अच्छा तरीका क्या है?
टिकटें बेचने का कोई एक तरीका सभी के लिए सही नहीं होता। हां, अपनी वेबसाइट से सीधे टिकटें बेचने पर आपको कई फ़ायदे मिलते हैं। ग्राहक डेटा आपके नियंत्रण में रहता है, आप खरीदार के पूरे एक्सपीरियंस को मैनेज कर पाते हैं और अपनी कीमतें खुद तय करके बिचौलियों को दी जाने वाली फ़ीस घटा सकते हैं।
क्या टिकटों को दोबारा बेचना गैरकानूनी है?
यह लागू कानूनों के साथ इवेंट ऑर्गनाइज़र, वेन्यू और टिकटिंग प्लेटफ़ॉर्म की नीतियों पर निर्भर करता है। रीसेल दाम, टिकट ट्रांसफ़र और कमर्शियल रीसेलर्स से जुड़े नियम अलग हो सकते हैं। टिकटों की रीसेल की अनुमति देने से पहले संबंधित शर्तों और स्थानीय कानूनों की जांच करें। जरूरत पड़ने पर किसी कानूनी प्रोफेशनल की सलाह लें।
डिजिटल टिकटें कैसे काम करती हैं?
डिजिटल टिकटें आमतौर पर QR कोड या बारकोड के तौर पर जारी की जाती हैं। इवेंट में पहुंचने पर ग्राहक की टिकट स्कैन की जाती है। इससे सिस्टम में मौजूद उसकी जानकारी सामने आ जाती है और टिकट के मौजूद, वैलिड तथा पहले इस्तेमाल न किए जाने की पुष्टि होने पर उसे प्रवेश दे दिया जाता है।

